हल्द्वानी- उसने जन्म एक मुस्लिम परिवार में लिया लेकिन बालिग हुई तो हिंदु बनने के लिए दरख्वास्त दे डाली। हल्द्वानी में मुस्लिम लड़की के उठाए इस कदम के चर्चे हैं।
खबर के मुताबिक लड़की ने सिटी मजिस्ट्रेट को इस बारे में एक शपथ पत्र सौंपा है और परिजनों से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक हल्द्वानी के बनभूलपुरा निवासी एक मुस्लिम लड़की ने शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट को शपथपत्र देकर हिंदू धर्म अपनाने की जानकारी दी और बताया कि उसके इस कदम से परिजन खफा है और उसे उनसे जान का खतरा है।
लड़की ने मजहब बदलने की बड़ी वजह बताई है। लड़की का कहना है कि मुस्लिम धर्म में महिलाओं के प्रति संकुचित सोच और वहां स्वतंत्रता से जीने का अधिकार न होने के कारण उसने हिंदू धर्म अपनाया है। लिहाजा भविष्य में सुनीता के नाम से जाना जाए। इधर, सिटी मजिस्ट्रेट ने मामले की जांच पुलिस को सौंप दी है।
जानकारी के मुताबिक बनभूलपुरा निवासी 22 साल की एक मुस्लिम लड़की शुक्रवार को कुछ लोगों के साथ सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंची। शहनवाज ने सिटी मजिस्ट्रेट को शपथपत्र देकर खुद के हिंदू धर्म अपनाने की जानकारी दी। सिटी मजिस्ट्रेट को दिए शपथ पत्र में लड़की ने कहा है कि हिंदू धर्म में महिलाओं को स्वतंत्र होकर जीने का अधिकार है और वहां किसी तरह की कोई धार्मिक पाबंदी भी नहीं है।
शपथपत्र में मुस्लिम लड़की ने कहा कि मुस्लिम परिवार में तमाम पाबंदियों के चलते उसने अब अपना नाम सुनीता रख लिया है। उसका कहना है कि इस संबंध में वह पहले ही जिलाधिकारी को शपथ पत्र भेज चुकी है। धर्म परिवर्तन किए जाने पर परिजनों द्वारा उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई है। शहनवाज ने सिटी मजिस्ट्रेट से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए अभिलेखों में भी नाम व धर्म परिवर्तन कराने की मांग की है।
इधर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय ने बताया कि लड़की द्वारा धर्म परिवर्तन के संबंध में शपथ पत्र दिया गया है। उन्होंने इसे लड़की का व्यक्तिगत मामला बताते हुए कहा कि महिला द्वारा किन परिस्थितियों में धर्म परिवर्तन किया गया है अथवा कहीं किसी व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा लड़की को धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर तो नहीं किया गया है इस संबंध में जांच के लिए मामला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।