देहरादून: नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के दीपनगर में एक युवक ने घर में पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक पेशे से ड्राइवर था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला रात करीब साढ़े ग्यारह बजे का है। नेहरू कॉलोनी पुलिस की मानें तो मूल रूप से पंजाब निवासी जोगिंदर सिंह (35 वर्ष) पुत्र रामचंद्र देहरादून में रहकर गाड़ी चलाता था और यहां पत्नी और बेटी के साथ करीब तीन साल से रह रहा है। सोमवार रात जोगिंदर अपने कमरे में सोने चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसकी पत्नी और बेटी ने उसे कई बार आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला।
इस पर पत्नी ने खिड़की से झांककर अंदर देखा तो उसके होश उड़ गए। कमरे में जोगिंदर पंखे से लटक रहा था। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इसलिए खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल पाया है।