देहरादून: कांग्रेस 2022 के चुनावी मोड़ में नजर आ रही है। हालांकि चुनाव में अभी काफी वक्त बचा है, लेकिन कांग्रेस ने अभी से भाजपा के खिलाफ आंदोलन की तैयारी कर चुकी है। कांग्रेस ने प्रदेश में भाजपा सरकार की विफलताओं का चिट्ठा तैयार किया है। इसमें भ्रष्टाचार से लेकर लोकायुक्त के गठन और किसानों की कर्ज माफी कई मसलों को उठाया गया है।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश और प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार के खिलाफ अपने आंदोलन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने मुद्दों में डबल इंजन और केंद्र सरकार को भी शामिल किया है। कांग्रेस अब सरकार के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष करेगी।
भ्रष्टाचार, स्वास्थ्य, शिक्षा, बढ़ती महंगाई, कानून व्यवस्था, देवस्थानम बोर्ड, मंदी और बेरोजगारी समेत कई मुद्दों पर सरकार को जनता के बीच घेरने की तैयारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा की त्रिवेंद्र सरकार अगले माह 18 मार्च को तीन साल पूरे करेगी। हमारी पार्टी ने कई घंटे मंथन के बाद भाजपा सरकार की तीन साल की विफलताओं का पत्र तैयार किया है। इसे बुकलेट की शक्ल में प्रदेशभर में आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।