आगरा: कोरोना महामारी ने दुनिया को हिलाकर रख दिया। भारत में लाॅकडाउन चल रहा है। बावजूद, लोग लाॅकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं। इस लॉकडाउन के बीच एक बुजुर्ग की मौत हो गई। उनकी शव यात्रा में शामिल होने के लिए आए लोग तो आए, लेकिन मृतक के बेटे ने लोगों को ये कहकर लौटा दिया कि लॉकडाउन है…। आप घरों में रहकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। परिवार के 10 लोगों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मामला शाहगंज क्षेत्र के भोगीपुरा का है। यहां रहने वाले 70 वर्षीय प्रभाकर लोधी कई दिनों से बीमार चल रहे थे। बुधवार रात उनकी मौत हो गई। जानकारी होने पर आसपड़ोस के लोग मृतक के परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच गए। मृतक के बेटे ने लॉकडाउन का हवाला देकर पड़ोसियों को अपने-अपने घर जाने को कह दिया।
परिवार के 10 लोगों के साथ मिलकर प्रभाकर लोधी की शव यात्रा निकाली। शव यात्रा में शामिल ज्यादातर लोग मास्क लगाकर शामिल हुए थे। मृतक के बेटे ने भी मास्क लगा रखा था। ताजगंज के शमशान घाट पर मुकेश ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। साथ ही लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।