देहरादून: विक्रमों के फुटकर सवारी में चलने के विरुद्ध सिटी बस संचालकों ने 18 जुलाई से बेमियादी हड़ताल की दी है। आरटीओ को दिए नोटिस में बस सेवा महासंघ ने बताया है कि 18 जुलाई से एक-एक रूट की बसें रोजाना आरटीओ कार्यालय में लाकर खड़ी कर दी जाएंगी। जब सभी 13 रूट पूरे हो जाएंगे, उसके बाद सभी रूटों पर बसों का संचालन ठप कर दिया जाएगा।
मंगलवार को आरटीओ कार्यालय पहुंच सिटी बस सेवा महासंघ के अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल ने एआरटीओ (प्रशासन) अरविंद कुमार पांडे को चक्का-जाम और हड़ताल का नोटिस दिया। डंडरियाल और अन्य बस संचालकों ने आरोप लगाया कि शहर में विक्रम खुलेआम फुटकर सवारियों को भर रहे, लेकिन परिवहन विभाग उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। विक्रम कांट्रेक्ट कैरिज का परमिट होने के बावजूद स्टेज कैरिज में संचालित हो रहे।
बस सेवा महासंघ ने आरोप लगाया कि घंटाघर और इसके आसपास विक्रम प्रतिबंधित हैं। बीते दिनों जिलाधिकारी ने भी एसपी ट्रैफिक को यहां से विक्रम का अवैध स्टैंड हटाने का आदेश दिया था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। बस सेवा महासंघ ने पुलिस और परिवहन विभाग पर विक्रम संचालकों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
डंडरियाल ने आरोप लगाया कि हाई कोर्ट की रोक के बावजूद आरटीओ ने टाटा मैजिक के कुछ परमिट जारी कर दिए। अवैध संचालन की वजह से सिटी बसों को नुकसान हो रहा है और ट्रांसपोर्टर बसें चलाने को राजी नहीं। इसी क्रम में 18 जुलाई से चक्का-जाम व रूटवार बस संचालन ठप किया जाएगा। डंडरियाल ने बताया कि पहले दिन प्रेमनगर-परवल रूट की बसें आरटीओ में खड़ी की जाएंगी। इसके बाद दूसरे रूटों की बसें चरणबद्ध खड़ी होंगी।