डेस्क – महाराष्ट्र के उरण में कुछ संदिग्ध हथियारबंद लोगों को स्कूली छात्रों ने देखा है। स्कूली छात्रों का दावा है कि उन्होंने सुबह स्कूल जाते समय इन लोगों को देखा था। छात्रों का कहना है कि वे चार-पांच लोग थे और संदिग्ध लग रहे थे। उसके बाद उन्होंने पुलिस को इस बारे में सूचना दी। इन संदिग्धों को नेवी बेस के पास देखा गया था। इसके बाद मुंबई में नेवी, एयरफोर्स, मुंबई क्राइम ब्रांच, एटीएस, मुंबई पुलिस को हाईअलर्ट पर रखा गया है।
पुलिस अभी इलाके में उन लोगों को ढूंढ़ रही है। पुलिस के साथ सुरक्षा एजेंसियां भी लगी हुई हैं। जिसके चलते नेवी के हेलीकॉप्टर से संदिग्ध लोगों को ढूंढ़ा जा रहा है। हालांकि, अभी तक कुछ पता नहीं लग पाया है। बच्चों के मुताबिक पठान सूट जैसी ड्रेस में चार लोग देखे गए हैं, जो एक दूसरे से अलग भाषा में बात कर रहे थे। साथ ही सूत्रों ने बताया कि छात्रों ने संदिग्धों को नेवल बेस के दूसरी साइड देखा था। छात्रों ने सुना था कि वे लोग बार-बार ‘ओएनजीसी’ और ‘स्कूल’ का नाम ले रहे थे। उरण में ओएनजीसी ऑयल रिंग है। बच्चों का कहना है कि उन लोगों के पास कुछ बंदूक जैसे दिखने वाला था। बच्चों का कहना है कि उन लोगों ने अपने चेहरे ढके हुए थे।