उत्तरकाशी: विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा आज से शुरू होने जा रही है। यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट खुलने क साथ ही विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। मां गंगा की दिली गंगोत्री पुहंच चुकी है और मां यमुना की डोली अपने धाम यमुनोत्री के लिए रवाना हो चुकी है। शुभ मुहूर्त में दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर गंगोत्री धाम और 12 बजकर 41 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे।
इससे पहले आज सुबह मां यमुना की डोली खरसाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। इस दौरान उन्हें विदा करने के लिए भाई शनिदेव की डोली भी निकली। परंपरा के अनुसार मुखबा गांव से मां गंगा की भोग मूर्ति को डोली यात्रा को शनिवार को ही गंगोत्री धाम के लिए रवाना कर दिया गया था। भैरोंघाटी स्थित प्राचीन भैरव मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद डोली यात्रा आज दोपहर तक गंगोत्री धाम पहुंचेगी।
कोरोना संक्रमण की आशंका के मद्देनजर लॉकडाउन की पाबंदियों के चलते इस बार केवल 21-21 तीर्थ पुरोहित कपाटोद्घाटन में शामिल हो सकेंगे। डोली यात्रा के लिए भी यही प्रावधान किया गया है। डोली यात्रा के दौरान शारीरिक दूरी के नियम का पूरा पालन किया जा रहा है। लोग मास्क तो पहने हुए ही हैं। साथ ही एक-दूसरे से दूरी बनाकर भी चल रहे हैं।