नैनीताल। सरोवर नगरी की झीलों में शवों के मिलने से सनसनी फैल गई। बीते 5 दिनों में अब तक 3 शव मिल चुके हैं। मृतकों में दो महिला और एक पुरुष शामिल है। लगातार हो रही इन घटनाओं से यहां के लोग डरे हुए हैं। इसके साथ ही पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
दरअसल, पांच दिन पहले भीमताल झील में अल्मोड़ा के रहने वाली 54 वर्षीय मुन्नी देवी का शव तैरता मिला था। जबकि आज 54 वर्षीय सरोज देवी और 48 वर्षीय श्याम लाल का शव मिलने से इलाके में कोहराम मच गया। इस बात का पता लगते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
श्याम लाल नैनीताल में टैक्सी चलाता था और बीते रोज से लापता था। जबकि मृतिका मुन्नी देवी और सरोज देवी डोल की रहने वाली थी। सरोज देवी अपने इलाज के लिए भीमताल चिकित्सालय आई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि, ऐसी घटनाओं का सच सामने आना बेहद जरूरी है। वहीं पुलिस असमय डूबकर हो रही मौतों की भी जांच कर रही हैं।