चमोली- थराली के घमासान में कौन किस पर भारी पडे़गा? इसके निर्णय की घड़ी करीब आ गई है। सोमवार को 178 बूथों पर आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। इससे पूर्व, सुबह सात बजे तैयारियों का जायजा लेने के लिए मॉकपोल किया गया।
भाजपा और कांग्र्रेस की प्रतिष्ठा से जुडे़ थराली उपचुनाव के लिए सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी ने नलगांव में वोट डाला। वहीं घाट ब्लॉक के सरपानी पोलिंग बूथ पर ईवीएम खराब हो गई। मशीन में दूसरे नंबर का बटन नहीं दब रहा है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्यासी डॉ. जीतराम का नाम है। निर्वाचन विभाग की ओर से यहां नई मशीन भेजी जा रही है। चौड़ा बूथ पर भी मतदान शुरू हो गया। सुबह के समय मतदाताओं की संख्या कम देखी गई। दोपहर में यह संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिटर्निंग ऑफिसर परमानंद राम ने बताया कि रविवार शाम पांच बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर पोलिंग टीमें पहुंच गई थीं। इस सीट पर 99 हजार से ज्यादा सामान्य मतदाता हैं, जबकि सर्विस मतदाताओं की संख्या 3277 है। 178 बूथों पर मतदान होगा और इसके साथ ही पांच उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। 31 मई को मतगणना होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान को लेकर तैयारी पूरी होने का दावा किया है। इधर, सियासी दलों ने भी अपनी-अपनी जीत का दावा किया है।
मुन्नी देवी शाह जिला पंचायत चमोली की अध्यक्ष भी है
विधायक मगन लाल शाह के निधन हो जाने के बाद उनकी पत्नी मुन्नी देवी शाह को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। मुन्नी देवी शाह जिला पंचायत चमोली की अध्यक्ष भी हैं। उनके मुकाबले में कांग्रेस से पूर्व विधायक प्रो. जीतराम मैदान में हैं। माकपा से कुंवर राम, यूकेडी से कस्बी लाल और निर्दलीय गिरीराम भी उपचुनाव में उम्मीदवार हैं।
रविवार सुबह 154 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया था, जबकि एक दिन पहले शनिवार को 24 पोलिंग पार्टियों ने सुदूरवर्ती बूथों पर जाकर काम संभाल लिया था। पोलिंग पार्टियों को रवाना करने से पूर्व सामान्य प्रेक्षक केएच कुलकर्णी, सचिव/अपर निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड बी.षणमुगम, जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष जोशी सहित अन्य अधिकारियों ने पोलिंग पार्टियों को जरूरी निर्देश दिए।
राजकीय इंटर कालेज कुलसारी को स्ट्रांग रूम बनाया
साथ ही निर्वाचन सामग्री का वितरण किया। इधर, निर्वाचन आयोग ने राजकीय इंटर कालेज कुलसारी को स्ट्रांग रूम बनाया है। 28 मई को मतदान खत्म होने के बाद नजदीकी पोलिंग पार्टियां इसी दिन वापसी कर लेंगी, जबकि दूरस्थ क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियां 29 मई को लौटेंगी।