Tehri NewsBig News

टिहरी में रिश्तों का कत्ल: मां ने बहु और बड़े बेटे के साथ मिलकर की बर्बरता, काट दिए दोनों हाथ

टिहरी के घनसाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों की पवित्रता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बालगंगा तहसील की बासर पट्टी स्थित लस्याल गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक पर ऐसा जानलेवा हमला किया गया कि उसे अपने दोनों हाथ गंवाने पड़े।

बेटे पर मां ने बहु और बेटे के साथ मिलकर किया जानलेवा हमला

पीड़ित युवक अंग्रेज सिंह, पुत्र स्वर्गीय गजे सिंह, का किसी बात को लेकर अपने परिवार के सदस्यों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद के बाद उसकी मां जेठी देवी और भाभी ने मुंबई में होटल में काम कर रहे बड़े बेटे व अंग्रेज सिंह के भाई पूरब सिंह को गांव बुलाया। शुक्रवार देर रात पूरब सिंह के गांव पहुंचते ही तीनों ने मिलकर अंग्रेज पर चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

दर्द से तड़पता रहा बेटा

हमलावरों ने अंग्रेज सिंह के दोनों हाथों पर लगातार वार किए, जिससे हाथों की हड्डियां बाहर निकल आई। आरोप है कि उसके गले पर भी चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल अंग्रेज सिंह रात से लेकर दोपहर तक गांव में ही असहनीय दर्द से तड़पता रहा। इसके बाद उसी का भाई पूरब सिंह 108 एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर लेकर पहुंचा।

इलाज के दौरान काटने पड़े दोनों हाथ

बेलेश्वर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए अंग्रेज सिंह को श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने स्थिति अत्यंत नाजुक बताई और उसकी जान बचाने के लिए दोनों हाथ काटने पड़े। उपचार के बाद अगले दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पीड़ित ने परिजनों के खिलाफ कराया केस दर्ज

घटना के बाद सोमवार को अंग्रेज सिंह किसी तरह गांव लौटा और मंगलवार को अपने परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित का कहना है कि उसने कभी सोचा भी नहीं था कि अपने ही परिवार के लोग उसके साथ ऐसा करेंगे।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें