Tehri NewsHighlight

अब टिहरी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, परिसर कराया खाली

उत्तराखंड में एक बार फिर बम की धमकी से दहशत फैल गई है। इस बार, टिहरी न्यायालय प्रशासन के Gmail अकाउंट पर एक संदिग्ध थ्रेड मिला, जिसमें नई टिहरी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को टारगेट किया गया था, जिससे कोर्ट परिसर में बम होने की बात कही गई। ई-मेल मिलते ही कोर्ट परिसर में दहशत फैल गई और सुरक्षा एजेंसियां ​​अलर्ट मोड पर आ गईं।

कोर्ट परिसर को कराया खाली

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने न्यायालय परिसर को खाली कराना शुरू किया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जबकि बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड को भी बुलाकर पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस और एलआईयू की टीम ने कोर्ट परिसर के हर कोने की बारीकी से जांच की।

न्यायालय में आने-जाने वाले लोगों की हो रही जांच

प्राथमिक जांच में अभी तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हुई हैं और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। न्यायालय में आने-जाने वाले लोगों की कड़ी जांच की जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए गए हैं।

नैनीताल और उत्तरकाशी के कोर्ट को भी उड़ाने की मिल चुकी है धमकी

गौरतलब है कि इससे पहले नैनीताल और उत्तरकाशी में जिला न्यायालय और कलक्ट्रेट परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। उत्तरकाशी में मिली धमकी के बाद पुलिस ने परिसर खाली करवाकर बम निरोधक दस्ता, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर जांच की थी, हालांकि वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। अब उत्तरकाशी के बाद नई टिहरी में इसी तरह की धमकी सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें