सुशांत सिंह राजपूत की मौत की CBI जांच की सिफारिश कर दी गई है। बिहार सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी है। सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने बिहार के मुख्यंमत्री नीतीश कुमार से मिल सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।
आजतक.कॉम की खबर के अनुसार सुशांत के पिता केके सिंह ने आज ही नीतीश कुमार से मुलाकात की थी और सीबीआई जांच के लिए कहा था। इसके बाद बिहार सरकार ने फैसला लिया है। माना जा रहा है कि कुछ ही देर में सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी और इसके बाद केस सीबीआई को हैंडओवर कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि सुशांत की आत्महत्या मामले की जांत मुंबई पुलिस कर रही है। इस मामले में मुंबई पुलिस की जांच पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं इसी बीच सुशांत के परिजनों ने सुशांत की लिव इन पार्टनर रहीं रिया चक्रवर्ती के खिलाफ बिहार के पटना में मुकदमा दर्ज करा दिया है। इसके बाद अब इस मामले में बिहार पुलिस ने भी जांच शुरु कर दी। बिहार पुलिस और मुंबई पुलिस के बीच इस मसले पर काफी खींचतान भी चल रही है। बिहार पुलिस का आरोप है कि मुंबई पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रही है।
सुशांत के परिजनों के जरिए पटना में केस दर्ज कराए जाने के बाद से ही ये लगभग तय माना जा रहा था कि इस मामले में सीबीआई जल्द आएगी। बिहार सरकार ने पहले ही मन बना लिया था। खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयानों से लग रहा था कि सरकार जल्द ही मामला सीबीआई को सौंप देगी।