सुशांत भले ही इस दुनिया को अलविदा कह गए लेकिन उनके फैंस, बॉलीवुड और उनका परिवार इस सदमे से बाहर नहीं निकल पाए हैं। हंसमुख, प्रतिभावान, क्रिएटिव औऱ अपनी मेहनत के बल पर कामयाब हुए सुशांत को आज हर कोई याद कर रहा है। चार बहनों के इकलौते भाई को बहने याद कर आंसू बहा रही हैं और कई भावुक पोस्ट कर रही है। वहीं परिवार ने अपने बेटे सुशांत को अमर करने के लिए बड़ा ऐलान किया है। जी हां सुशांत की फैमिली की ओर से ट्वीट कर अहम जानकारियां दी गई है।
परिवार ने ट्वीट कर कहा कि “अलविदा सुशांत. दुनिया के लिए जो सुशांत सिंह राजपूत था वो हमारे लिए हमारा प्यारा गुलशन था। वो आजाद ख्याल का, बातूनी और बहुत समझदार लड़का था। वो हर चीज में दिलचस्पी रखता था। उसके सपने कभी किसी चीज से रुके नहीं और उसने एक शेर के दिल के साथ उन सपनों का पीछा किया। वो दिल खोलकर हंसता था। वो हमारे परिवार का गौरव और प्रेरणा था। उसका टेलिस्कोप उसकी सबसे पसंदीदा चीज थी, जिससे वो सितारों को देखा करता था। हम अभी भी इस बात का यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि अब हम कभी उसकी हंसी नहीं सुन पाएंगे। उसकी चमकती आंखें नहीं देख पाएंगे और साइंस के बारे में उसकी कभी खत्म ना होने वाली बातें नहीं सुन पाएंगे। उसके जाने से हमारे परिवार में खालीपन फैल गया है, जो कभी खत्म नहीं होगा. वो सच में अपने हर एक फैन से प्यार करता था।
सुशांत की यादों को ताजा रखने के लिए एक फाउंडेशन बनाई जा रही
आगे लिखा कि सुशांत की यादों को ताजा रखने के लिए एक फाउंडेशन बनाई जा रही है। आगे लिखा गया है- हमारे गुलशन को इतना प्यार देने के लिए शुक्रिया। उसकी यादों और लिगेसी को सम्मान देने के लिए परिवार ने सुशांत सिंह राजपूत फाउंडेशन का निर्माण कर रहा है। इससे सुशांत की पसंद के एरिया यानी साइंस, सिनेमा और स्पोर्ट्स में आने वाले यंग टैलेंट को सपोर्ट किया जाएगा। साथ ही पटना के राजीव नगर स्थित उनके घर को मेमोरियल में तब्दील किया जाएगा। हम यहां उनकी पर्सनल चीजें रखेंगे जिसमें उनकी हजारों किताबें, टेलिस्कोप, फ्लाइट सिम्युलेटर संग अन्य चीजें होंगी। इससे फैन्स और शुभचिंतक उनसे जुड़े रहेंगे।
परिवार संभालेगा सोशल मीडिया अकाउंट
सुशांत के सभी सोशल मीडिया अकाउंट को अब उनका परिवार संभालेगा। इसके जरिए उनकी यादों और लिगेसी को ताजा रखा जाएगा। परिवार ने सभी फैन को प्यार और सपोर्ट के लिए धन्यवाद दिया है।