रुड़की : इंजीनियरिंग के लिए मशहूर कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग रूड़की के छात्र अब रूस के विश्व प्रसिद्ध विश्वविद्यालय की तकनीकी शिक्षा का लाभ उठा सकेंगे क्योंकि कोर ने अब रूस के कृषि तकनीक के लिए विश्व में प्रसिद्ध कुबान विश्वविद्यालय से समझौता कर लिया है। यह विश्वविद्यालय रूस के सबसे बड़े विश्वविद्यालयो में से एक है। इस समझौते के तहत अब कृषि तकनीकी से जुड़े छात्र कृषि क्षेत्र की नई नई तकनीकियों का लाभ उठा सकेंगे।
आपको बता दें कि रूस के दक्षिण क्षेत्र के क्रास्नोदार शहर में स्थित कुबान विश्वविद्यालय मुख्य रूप से कृषि क्षेत्र से जुड़ा है हांलाकि इस विश्वविद्यालय ने कृषि के अलावा अन्य क्षेत्र की तकनीकियों में भी विश्व भर में नाम कमाया है। कुबान विश्विद्यालय ने सटीक कृषि प्रणाली विकसित की है जिसमे खेती के लिए उन्नत उपकरण का प्रयोग किया जाता है। इन उपकरणों के द्वारा उत्पाद की गुणवत्ता और मात्रा दोनों में काफी सुधार होता है। यहाँ पर मिट्टी को ज्यादा उपजाऊ बनाने के लिए अत्यंत उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है। अब रूड़की के कोर कॉलेज के छात्र छात्राओं को भी इसका लाभ मिल सकेगा।
कॉलेज के अध्यक्ष जे.सी.जैन ने बताया की कोर भारत का पहला ऐसा संस्थान है जिसने कुबान विश्वविद्यालय के साथ समझौता किया है। यह समझौता देश में कृषि की उच्च शिक्षा को मजबूत करेगा इस समझौते के बाद से ही कॉलेज के छात्रों में काफी उत्साह देखने को मिला रहा है।