डेस्क। भोपाल की सेंट्रल जेल से भागे 8 सिमी आतंकियों को एटीएस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। सभी 8 आतंकियों को भोपाल के बाहरी इलाके इंतखेड़ी गांव में मार गिराया गया है। ये सभी आतंकी ड्यूटी पर मौजूद हेड कांस्टेबल को मारकर फरार हो गए थे। मारे गए हेड कॉन्स्टेबल की पहचान रमाशंकर के रूप में हुई है। वहीं एक और गार्ड के घायल होने की खबर है। आतंकियों के इस एनकाउंटर के पीछे एटीएस, भोपाल पुलिस और आईबी का साझा ऑपरेशन था। वहीं कांग्रेस ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए इसकी जांच की मांग की है। पुलिस ने बताया कि आतंकियों के पास हथियार भी थे। उन्होंने फायरिंग की तो पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। क्रॉस फायरिंग में सभी आतंकी मारे गए। आतंकियों को नदी में पानी पीते देखा गया। गांव वालों ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गृह मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से खबर है कि देश के सभी महत्त्वपूर्ण जेलों पर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं। सिमी के आतंकियो के भागने के बाद गृह मंत्रालय सभी राज्यों को जेल की सुरक्षा बढ़ाने की नई एडवाइजरी भेजेगी। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह को एनकाउंटर की पूरी जानकारी दे दी है।