रुद्रप्रयाग।- देवभूमि उत्तराखंड में सर्द हवाओं संग एक बार फिर ठंड लौट आई है। शनिवार दोपहर से ही पहाड़ी व मैदानी इलाकों में बारिश शुरू हो गई। वहीं, केदारनाथ में झमाझम बरसात के साथ ही हिमपात भी होने लगा। बदले मिजाज से क्षेत्र का मौसम बड़ा ही सुहावना हो गया है।
केदारनाथ धाम में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल दी है। शनिवार दोपहर से बर्फबारी के बाद केदारनाथ की पहाड़ियां ने एक बार चांदी की चादर ओढ़ ली है। केदारनाथ मंदिर के साथ ही चारों ओर की पहाड़िया सफेद दिखाई दे रही हैं।
बर्फ से लकदक पहाड़ियां आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। धाम में दोपहर बाद से अभी तक सात इंच तक बर्फबारी हो गई है। बर्फबारी से केदारनाथ धाम में चल रहे सभी प्रकार के पुनर्निर्माण कार्य भी ठप पड़ गये हैं।
बर्फबारी और झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा बन गया है, जिसका हर कोई लुत्फ उठा रहा है। ठंड के कारण घाटी के बाजार दिन भर सुने पड़े रहे। बर्फबारी होने के बाद केदारनाथ में ठंड भी बढ़ गई है। बता दें कि केदारनाथ में ये फरवरी की चौथी बर्फबारी है।