हल्द्वानी। हल्द्वानी में भाजपा के परिवर्तन यात्रा के समापन पर रैली में पहुंचने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां ज़ोरों पर है। अमित शाह बुधवार को विशाल रैली को संबोधित करेंगे। यात्रा समापन के मौके पर भाजपा सांसदों के अलावा विधायक और संगठन के सभी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यस्थल पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि यात्रा को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। श्याम जाजू ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि, कांग्रेस के दिन अब गए जनता ने कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ने का मन बना लिया है जिसका जवाब जनता 2017 के चुनाव में देगी। उन्होंने इस बात का भी दावा किया है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस के कुछ लोग भाजपा का दामन थामेंगे।