ब्रिगेडियर की वर्दी और भाड़े के बाउंसर, 21 साल के नीट फेल आर्यन की कहानी सुन पुलिस भी हैरान

यूपी के शाहजहांपुर से एक ऐसा मामला सामने आ रहा है जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां पर 21 साल का एक लड़का फर्जी ब्रिगेडियर बनकर घूम रहा था। साथ में भाड़े के बाउंसर भी रखे हुए थे। लेकिन उसका ये खेल ज्यादा टाइम तक नहीं चला। सेना के अधिकारियों और पूर्व सैनिकों ने एक जाल बिछाया। जिसमें वो फंस गया और सच्चाई सामने आ गई।
ब्रिगेडियर की वर्दी और भाड़े के बाउंसर, 21 साल के युवक का फर्जीवाडा
दरअसल फर्जीवाडा करने वाले आरोपी की पहचान आर्यन वर्मा के रूप में हुई है। 21 साल का आर्यन नीट फेल है। ब्रिगेडियर की वर्दी पहनकर वो वरिष्ठ सैन्य अधिकारी बनकर घूमता था। इसके साथ ही एक एसयूवी में स्टार प्लेट और सेना मुख्यालय काा झंडा भी लगाता था।
पकड़ने के लिए सेना ने बिछाया जाल
मिली जानकारी के अनुसार आर्यन वर्मा ब्रिगेडियर बन शाहजहांपुर में घूमता था। सेना के अधिकारियों को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया। सेना में भर्ती होने के इच्छुक युवाओं को मोटीवेशनल स्पीच देने के लिए उसे कैंट स्थित शहीद संग्रहालय बुलाया गया।
एक-स्टार प्लेट और सेना मुख्यालय का झंडा भी लगा था
वहां भी आर्यन ने नाटक चालू रखा। वो ब्रिगेडियर की वर्दी पहनकर अपनी एसयूवी में पहुंच गया। जिसमें एक-स्टार प्लेट और सेना मुख्यालय का झंडा भी लगा था। उसने अपनी सुरक्षा दिखाने के लिए दो बाउंसर भी रखे हुए थे।
आरोपित से क्या-क्या हुआ बरामद?
इसी बीच पूर्व सैन्य अधिकारियों ने उसे धर लिया। पहले इंटेलीजेंस और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उसके पास से एक फर्जी ब्रिगेडियर पहचान पत्र, एक एयर पिस्टल, एएमसी रेजिमेंटल केन (छड़ी) और सेना के आधिकारिक सामान जैसे दिखने वाली कई चीजें मिली। जांच में उसके बाउंसरों को भी हिरासत में लिया गया। वो कथित तौर पर खुद को NSG कमांडो बता रहे थे।