भाजपा के बड़े नेता गरजेंगे अल्मोड़ा के छोटे मैदान में
अजय भट्ट की अग्निपरीक्षा,अल्मोड़ा में परिवर्तन यात्रा
अल्मोड़ा- भाजपा की परिवर्तन यात्रा को आज अल्मोड़ा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह संबोधित करेंगे। प्रदेश भाजपा ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। हालांकि भाजपा के लिए परिवर्तन यात्रा अभी उतनी उत्साह जनक परिणाम देने वाली साबित नहीं हो रही है जितने की उम्मीद भाजपा कर रही है।
2006 की रथयात्रा से भाजपा की परिवर्तन यात्रा की तुलना करने वालों की माने तो उस समय रथयात्रा की कमान पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के हाथों में थी जिसका असर भी देखने को मिला था। हालांकि चुनाव जीतने के बाद भाजपा आलाकमान ने कोश्यारी को हाशिए पर रख खंड़ूड़ी को सूबे की कमान सौंप दी थी।
इस बार पार्टी के लिए बेशक परिवर्तन यात्रा एक बड़ा कार्यक्रम हो लेकिन सूबाई क्षत्रपों का रूझान इसके मुताबिक नहीं दिख रहा है। सूबे के बड़े नेताओं ने अभी अपने चेहरे परिवर्तन यात्रा में नहीं दिखाए हैं। आलम ये है कि कई जगह भाजपा परिवर्तन यात्रा 30 मिनट के संबोधन में ही निपट जा रही है जबकि परिवर्तनयात्रा का पड़ाव वहां विश्राम वाला रहा है।
बहरहाल माना जा रहा है कि भाजपा अपना चेहरा नहीं तलाश पाई है इसलिए भी जनता परिवर्तन यात्रा को ज्यादा तवज्जो नहीं दे रही है। हालांकि भाजपा के मझोले नेता जो भीड़ जुटाते हैं वो दबी जुबान में नोटबंदी के फरमान का असर भी परिवर्तन यात्रा पर पड़ा हुआ मान रहे हैं। इनकी माने तो नोटबंदी के चलते एटीएम और बैंक ने सियासी जनसभाओं से ज्यादा भीड़ जुटी ली है।
बहरहाल अल्मोड़ा में क्या होगा इसका पता तो रैली के दौरान ही पता चलेगा। हालांकि रैली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट के इलाके में हो रही है। ऐसे में परिवर्तन यात्रा न केवल भट्ट के लिए अग्निपरीक्षा है, बल्कि उनकी नाक का सवाल भी बन गई है। बहरहाल देखना ये है कि अल्मोड़ा के छोटे मैदान में अमित शाह को सुनने पार्टी के कार्यकर्ता जुटते हैं या आम मतदाता जिनको परिवर्तित करने के लिए भाजपा परिवर्तन यात्रा निकाल रही है।