Big NewsDehradun News

मानसिक रूप से असक्षम बच्चों के साथ यौन शोषण!, अवैध हॉस्टल में छापे से मची खलबली

राजधानी देहरादून से शर्मनाक मामला सामने आया है. एक प्री-प्रेपरेटरी स्कूल की आड़ में संचालित अवैध हॉस्टल में मानसिक रूप से असक्षम बच्चों के साथ यौन शोषण हुआ है. बच्चों ने हॉस्टल के वार्डन पर ये गंभीर आरोप लगाए हैं. बाल आयोग की टीम के छापेमारी से हॉस्टल में खलबली मची हुई है.

देहरादून में मानसिक रूप से असक्षम बच्चों के साथ यौन शोषण

बता दें यह स्कूल कारगी चौक में पेंसिल बॉक्स नाम से चल रहा था, जिसे दिल्ली स्थित एक ट्रस्ट द्वारा संचालित किया जा रहा था. चूंकि यह केवल प्री-प्रेपरेटरी स्तर तक सीमित था, इसलिए न तो इसकी कोई शैक्षणिक मान्यता थी और न ही संचालन के लिए जरूरी सरकारी अनुमति ली गई थी. बाल आयोग को इस स्कूल और हॉस्टल की संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिली थी.

जर्जर अवस्था में मिला हॉस्टल

सूचना मिलते ही आयोग की टीम ने मौके पर छापा मारा. जांच के दौरान पाया गया कि स्कूल की संचालिका द्वारा पास ही के एक किराए के मकान में बिना किसी सरकारी अनुमति के मानसिक रूप से असक्षम बच्चों के लिए हॉस्टल चलाया जा रहा था. हॉस्टल न केवल जर्जर अवस्था में था, बल्कि उसमें न तो सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था और न ही किसी प्रकार का स्वास्थ्य, शिक्षा या प्रशासनिक प्रबंधन मौजूद था.

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

मौके पर एक महिला अपने दो मानसिक रूप से असक्षम बेटों से मिलने पहुंची थी. बच्चों ने बाहर आने पर बताया कि रात की ड्यूटी पर तैनात एक अटेंडेंट उनके साथ यौन शोषण करता है. इस पर पीड़ित महिला ने तत्काल थाना डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वार्डन को हिरासत में ले लिया है. बताया जा रहा है वार्डन उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी है और 16 मई से हॉस्टल में कार्यरत था.

अटेंडेंट की नहीं हुई थी पुलिस वेरिफिकेशन

हैरानी की बात तो यह है कि अटेंडेंट की कोई पुलिस वेरिफिकेशन तक नहीं की गई थी. फिलहाल स्कूल को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है. बाल कल्याण की टीम सोमवार को स्कूल में पढ़ रहे अन्य बच्चों से भी बातचीत करेगी. साथ ही सीडब्लूसी और प्रशासनिक विभागों की संयुक्त निगरानी में इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है.

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें