नैनीताल- कोसी नदी में डूबे युवक का शव करीब 16 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ की टीम ने नदी में करीब 12 फिट की गहराई में फंसे शव को बाहर निकाला।
ताड़ीखेत ब्लॉक के ऐरौली गांव निवासी विवेक बिष्ट (23) पुत्र त्रिलोक सिंह अपने दो अन्य साथियो के साथ अंतरजनपदीय सीमा पर स्थित बढेरी क्षेत्र में घूमने पहुंचे थे। गत शाम विवेक कोसी नदी में नहाने के दौरान डूब गया था।
स्थानीय गोताखोरों व पुलिस प्रशासन की टीम ने डूबे युवक की तलाश में काफी खोजा, मगर युवक का कुछ पता नही चल सका। नैनीताल जिला मुख्यालय से एसडीआरफ की छह सदस्ययी टीम भी मौके पर पहुंची। अंधेरा होने तथा पानी गंदा होने से रेस्क्यू रोक दिया गया।
आज सुबह सात बजे एसडीआरफ की टीम ने खोजबीन शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब साढ़े सात बजे 12 फिट की गहराई से विवेक का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया। एसडीआरफ की टीम में जितेंद्र गिरी, महेंद्र भंडारी, प्रदीप मेहता, कुंदन सिंह, चंदन रौतेला आदि मौजूद रहे।