Sapna Chaudhary से मारपीट करता था पति, बच्चों संग छोड़ा घर, कोर्ट ने अपनाया सख्त रुख

Sapna Chaudhary Domestic Violence Case: फेमस हरियाणवी डांसर-सिंगर सपना चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में बनी हुई है। सपना ने अपने पति वीर साहू (Veer Sahu) के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। जिसमें उन्होंने दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में याचिका दाखिल की है। मंगलवार को इसी को लेकर सुनवाई हुई जिसमें कोर्ट ने सपना को अंतरिम राहत दी है। कोर्ट ने वीर साहू को अगली सुनवाई तक उनके संपर्क में ना आने, घर या फिर कार्यस्थल पर जाने पर रोक लगा दी है।
सपना चौधरी से मारपीट करता था पति Sapna Chaudhary Domestic Violence Case
दरअसल सपना की तरफ से कोर्ट में वीडियो, ऑडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य पेश किए गए। जिसके बाद इस मामले को लेकर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया। अब इस केस में अगली सुनवाई 25 जुलाई को होगी। इस विवाद के बाद सपना ने अपना ससुराल छोड़ दिया है। वो फिलहाल अपने बच्चों के साथ दिल्ली के नजफगढ़ स्थित अपने मायके में रह रही हैं।
घरेलू हिंसा के तहत कोर्ट का खटखटाया दरवाजा
दरअसल विवाद तब सार्वजनिक हुआ, जब दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में सपना चौधरी ने घरेलू हिंसा को लेकर केस दर्ज किया। उन्होंने अपने पति पर आरोप लगाया कि वैवाहिक जीवन के दौरान उनके साथ कई बार मारपीट हुई। साथ ही दुर्व्यवहार भी किया गया। सपना की माने तो हालात ज्यादा बिगड़ने पर ही उन्होंने अपना ससुराल छोड़ा।
कोर्ट ने संपर्क न करने के दिए आदेश
न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिंह ने इस मामले में आदेश दिया कि अगली सुनवाई तक वीर साहू सपना चौधरी के संपर्क में नहीं आएंगे। घर, कार्यस्थल या उनके आसपास भी जाने से कोर्ट ने रोक लगा दी है। साथ ही कोर्ट ने साफ किया कि किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा या उत्पीड़न नहीं किया जाएगा।
2020 में हुई शादी
हरियाणवी सिंगर ने साल 2017 में बिग बॉस-11 में हिस्सा लिया। जिसके बाद साल 2020 की जनवरी में सपना ने हिसार में मदनहेड़ी गांव के रहने वाले हरियाणवी सिंगर और अभिनेता वीर साहू से शादी रचाई। दोनों की लव मैरिज थी। शादी से दोनों के दो बेटे हैं।