
राजपुर रोड स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में सुबह दिनदहाड़े डकैती पड़ गई। जिसके बाद विपक्ष ने सरकार को आड़े हाथ लिया है। विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा की देहरदून में पुलिस का भय खत्म होता जा रहा है।
विपक्ष ने सरकार को घेरा
कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि प्रदेश सरकार के लिए बड़ी शर्मनाक बात है। पुलिस के आलाधिकारी के नाक के नीचे से बदमाश दिनदहाड़े गन प्वाइंट पर ज्वेलरी शोरूम में डकैती डाल रहे हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। बावजूद इसके कोई इसकी सुध नहीं ले रहा है। दसौनी ने कहा पुलिस प्रशासन का डर बदमाशों के मन से खत्म होता जा रहा है।
ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े डकैती
दरअसल गुरुवार को शहर के राजपुर रोड स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े डकैती पड़ गई। बताया जा रहा है कि तकरीबन साढ़े दस बजे के आसपास पांच लोगों ने ज्वेलरी शोरूम में घुसकर गनप्वाइंट पर करोड़ों रुपए की ज्वेलरी लूट ली। बताया जा रहा है कि ये पूरा कांड महज कुछ ही मिनटों में हो गया। माल समेटने के बाद लुटेरे घंटाघर की ओर फरार हो गए।
ग्राहक बताकर गन प्वाइंट पर लूट
मिली जानकारी के मुताबिक शोरूम के खुलने के बाद शोरूम के कर्मचारी लॉकर से ज्वेलरी निकाल कर डिस्पले में लगा ही रहे थे। इसी बीच चार युवक शोरूम में पहुंचे। उन्होंने खुद को ग्राहक जताया। उनका एक साथी नीचे ही खड़ा रहा। शोरूम में पहुंचे युवकों ने चेहरा छिपा रखा था। उन्होंने ज्वेलरी के बारे में पूछा। कर्मचारी उन्हे बता ही रहे थे कि इसी बीच उन्होंने गन प्वाइंट पर लूट शुरु कर दी।
10 करोड़ रुपए की बताई जा रही लूट
बदमाशों ने जल्द ही माल समेटा और शोरूम से बाहर निकल आए और फरार हो गए। लूटी गई ज्वेलरी की कीमत का सही पता अभी नहीं चल पाया है। लेकिन अनुमान के मुताबिक दस करोड़ रुपए के आसपास की कीमत हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो ये देहरादून में हुई अब तक सबसे बड़ी डकैती होगी।
जांच में जुटी पुलिस
इस घटना का पता चलने के बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और तहकीकात शुरु की। शुरुआती जांच में पुलिस को क्या सुराग मिले इसका खुलासा ये रिपोर्ट लिखे जाने तक नहीं हो पाया है। उधर एसएसपी अजय सिंह ने इस संबंध में ऐलान किया कि इस चुनौती को स्वीकार किया जाएगा और जल्द ही लुटेरों को पकड़ा जाएगा। एसपी सिटी सरिता डोभाल के नेतृत्व में जांच की जा रही है।