Big NewsNainital News

हल्द्वानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बोले धामी सिर्फ धाकड़ नहीं ‘धुरंधर धामी’ हैं

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हल्द्वानी पहुंच गए हैं। हल्द्वानी पहुंचने पर उन्होंने जनता को संबोधित कर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ‘धुरंदर धामी’ बताया। साथ ही कहा कि धामी के कार्यकाल को पांच साल पूरे हो चुके हैं और अब वे छक्का मारने को तैयार हैं।

धामी सिर्फ धाकड़ नहीं ‘धुरंधर धामी’ हैं: राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में मंच से मुख्यमंत्री धामी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा सीएम धामी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि घुसपैठ करने वालों के लिए उत्तराखंड में कोई जगह नहीं है। उत्तराखंड में धामी के नेतृत्व में धुआंधार काम हो रहा है, इसलिए वे धुरंधर धामी हैं। राजनाथ सिंह ने मंच से यूसीसी की तारीफ कर सीएम धामी की पीठ को भी थपथपाया।

सीएम धामी ने की शहीदों के परिजनों की चिंता: रक्षा मंत्री

रक्षा मंत्री ने कहा उत्तराखंड देवभूमि, तपोभूमि होने के साथ ही वीर भूमि भी है। जब भी देश की सीमाओं की सुरक्षा की बात आती है तो उत्तराखंड के वीर इसमें पीछे नहीं हटते। राजनाथ सिंह ने कहा सीएम धामी ने पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों की चिंता की है। उत्तराखंड सरकार ने परमवीर चक्र से सम्मानित जवानों की अनुग्रह राशि को 50 लाख से बढ़ाकर 1.5 करोड़ करने का कार्य किया है।

उत्तराखंड को विकसित राज्य बनने से कोई भी नहीं रोक सकता: रक्षा मंत्री

राजनाथ सिंह ने कहा मुख्यमंत्री धामी की मेहनत और समर्पण के कारण मैं कह सकता हूं कि आज उत्तराखंड विकास के रास्ते पर तेजी से कदम बढ़ा चुका है। उत्तराखंड को अब विकसित राज्य बनने से कोई भी नहीं रोक सकता। आज उत्तराखंड में दो लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। 2009-14 के दौरान यहां रेलवे की परियोजनाओं पर 187 करोड़ खर्च हुए थे, लेकिन आज यह बढ़कर साढ़े चार हजार करोड़ तक पहुंच गया है।

नारी सशक्तिकरण की भी भूमि है उत्तराखंड

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में आगे कहा कि उत्तराखंड की धरती नारी सशक्तिकरण की भी भूमि है। यहां की बेटियों ने अपने कार्यों से पूरे भारत का नाम रोशन किया है। सरकारी सेवाओं में भी यहां महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। रक्षा मंत्री ने कहा आज सरकारी नौकरियों में मातृशक्ति को 30 प्रतिशत आरक्षण मिल रहा है।

उत्तराखंड में फिर बनेगी BJP की सरकार

राजनाथ सिंह ने कहा उत्तराखंड में अगली बार दो-तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनकर रहेगी। रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग जब हारते हैं, तो कहते हैं कि ईवीएम में गड़बड़ी थी और वे इलेक्शन कमीशन को दोष देने लगते हैं। क्या आप नहीं चाहते कि घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार न मिले? इसका भी इनके पास कोई जवाब नहीं है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें