देहरादून- उत्तराखंड के राजीव नयन बहुगुणा ने राज्य का नाम रोशन किया है। राजीव ने धान की फसल पर ऐसा शोध किया कि उन्हें दो सम्मानों से नवाजा गया। छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित नेशनल कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री ब्रजमोहन अग्रवाल की ओर से उन्हें ये पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जी हां, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. राजीव नयन बहुगुणा को धान पर उच्च तापमान के दुष्प्रभाव को कम करने के लिए किए गए शोध के लिए छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित नेशनल कॉन्फ्रेंस में दो पुरस्कारों आरडी असाना गोल्ड मेडल व यंग साइंटिस्ट से सम्मानित किया गया।
दो सम्मानों ने नवाजे गए डॉ. बहुगुणा ने कहा कि धान पर उच्च तापमान के दुष्प्रभाव को जैविक विविधता एवं उच्च कार्बन डाई ऑक्साइड के प्रयोग से कम किया जा सकता है। इसके लिए वैज्ञानिक प्रयास कर रहे हैं कि मिल्टस में पाई जाने वाली उच्च प्रतिरोधकता को धान व गेहूं में भी समावेशित किया जा सके।
बहुगुणा ने बताया कि वह जलवायु परिवर्तन का कृषि फसलों पर होने वाले दुष्प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से शोध कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों को उच्च किस्म की विकसित तापमान प्रतिरोधी धान की प्रजातियों का प्रयोग करना चाहिए।