Uttarakhandhighlight

देहरादून समेत कई जगहों पर शुरू हुई बारिश, इस बार भी देरी से विदा होगा मानसून

सोमवार को दोपहर बाद एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। देहरादून में एक हफ्ते तक चटखती धूप के बाद आज फिर मौसम का मिजाज बदल गया है।

देहरादून समेत कई जगहों पर शुरू हुई बारिश

देहरादून जनपद के कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहा। वहीं मसूरी में भी तेज बारिश की बौछारे पड़ी। बारिश के चलते मसूरी में हल्का कोहरा भी छाया हुआ है। बारिश के चलते कुछ हद तक गर्मी से राहत मिलती दिख रही है।

नहीं हुई प्रदेश से मानसून की विदाई

मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार छह से आठ सितंबर तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश के आसार हैं। उन्होंने बताया की पिछले दो सालों से मानसून की विदाई कुछ दिन देरी से ही हो रही है। इस बार भी मानसून के विदा होने में कुछ दिन देरी हो सकती है। विक्रम सिंह के अनुसार इस बार बंगाल की खाड़ी में मजबूत सिस्टम नहीं बना है। जिसके चलते प्रदेश में कम बारिश हुई है।

सितंबर में भी बारिश के आसार

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार अगस्त में ही प्रदेशभर में सामान्य से आठ फीसदी कम बारिश हुई है। इस साल मानसून ने पांच दिन देरी से उत्तराखंड में दस्तक दी थी और अब मानसून के देरी से ही विदा होने के आसार हैं। आधिकारिक तौर पर उत्तराखंड से मानसून 30 सितंबर को विदा लेता है। लेकिन इस बार यह अक्तूबर के पहले सप्ताह में विदा होने की संभावना है। हालांकि अब हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button