देहरादून: उत्तराखंड में मौसम विभाग ने प्रदेश के छह जिलों में अगले 24 घंटे भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की वजह से नुकसान भी हो सकता है। शनिवार की रात से रातभर बारिश के बाद रविवार को भी सुबह से शाम तक बारिश होती रही। मोरी तहसील के आराकोर्ट के आसपास के 13 गांवों में बादल फटने से और बाढ़ से भारी तबाही हुई। राहत बचाव कार्य जारों पर है। दूसरी और यमुना और टौंस में आए उफान से हरियाणा और दिल्ली के कुछ इलाकों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इसको देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मौसम विभाग ने सोमवार सुबह से अगले 24 घंटे तक देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल और पौड़ी जिले में भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अत्यधिक भारी बारिश को देखते हुए सभी महकमों को अलर्ट किया गया है।
यमुना और इसकी सहायक नदी टौंस का लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। इसके कारण डाकपत्थर डैम से लगातार सभी गेट से पानी छोड़ा जा रहा है। जलस्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अगर आज रात भी बारिश हुई, तो हरियाणा और दिल्ली में बाढ़ से हालात बिगड़ सकते हैं। इसको देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।