देहरादून: उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। लगातार दूसरे दिन भी बारिश और बर्फबारी से तापमान में खासी गिरावट आ गई है। ठंड एक बार फिर लौट आई है। आज सुबह से ही जहां पहाड़ी इलाकों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं, मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी है। बारिश के बारण लोग घरों में कैद हो गए हैं, जिसका सीधा असर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है।
नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर और उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग राड़ी टॉप, गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल, थराली, चैरंगीखाल और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। यमुनोत्रीधाम सहित यमुना घाटी में रातभर बारिश हुई जो सुबह से थमी हुई है। गंगोत्री राष्ट्रीय मार्ग बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हो गया है। बड़कोट-फूलचट्टी से ऊपर जानकीचट्टी तक बर्फबारी से मार्ग अवरुद्ध है।
श्रीनगर, चमोली, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी में रात भर हुई बारिश आज सुबह थमी। हालांकि यहां अभी बादल छाए हैं। फिर बारिश होने की संभावना बनी हुई है। रुद्रपुर, चंपावत, रामनगर, भीमताल, काशीपुर, नैनीताल, पहाड़पानी, पंतनगर, रानीखेत, डीडीहाट, जसपुर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में सुबह से रुक-रुक कर बारिश जारी है। बागेश्वर में बादल छाए हुए हैं।