Dehradun NewsHighlight

देहरादून पहुंची जंतर-मंतर के प्रदर्शन की आग, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रोटेस्ट

NEET परीक्षा में पेपर लीक और CBSE बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में कथित अनियमितताओं के विरोध में आज सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने गांधी पार्क, देहरादून में प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देहरादून में प्रदर्शन

वक्ताओं ने कहा कि पिछले कुछ सालों में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी और बोर्ड परीक्षाओं में गड़बड़ियों ने देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के भविष्य पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं ने युवाओं के बीच निराशा, असुरक्षा और व्यवस्था के प्रति अविश्वास का माहौल पैदा किया है।

अधिकारियों के तबादले कर मामले को दबाने का हो रहा प्रयास: प्रदर्शनकारी

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले चार सालों के दौरान NEET परीक्षा से जुड़े पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के मामले लगातार सामने आते रहे हैं, लेकिन शिक्षा मंत्रालय द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। अब जब देशभर के युवा सड़कों पर उतरकर जवाबदेही की मांग कर रहे हैं, तब केवल अधिकारियों के तबादले कर मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: NEET UG 2026: नीट परीक्षा की नई डेट का ऐलान, इस दिन होगा एग्जाम, जानें सभी अपडेट्स

मानकों में बदलाव कर कंपनी को लाभ पहुंचाने का लगाया आरोप

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि अब CBSE बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में भी गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं, जिससे 12वीं कक्षा के लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका कहना था कि परीक्षा संचालन और मूल्यांकन की जिम्मेदारी ऐसी कंपनियों को सौंपी गई जिन पर पहले से ही अनियमितताओं और घोटालों के आरोप लग चुके थे। साथ ही आरोप लगाया गया कि सरकार ने नियमों और मानकों में बदलाव कर इन कंपनियों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया।

ये है प्रदर्शनकारियों की मांग

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आज देश के लाखों छात्र और युवा पेपर लीक और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों से परेशान होकर सड़कों पर संघर्ष करने को मजबूर हैं, लेकिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अब भी अपने पद पर बने हुए हैं। उन्होंने मांग की कि शिक्षा मंत्री तत्काल इस्तीफा दें, विभागीय जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित किया जाए। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया में शामिल दोषी कंपनियों और व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें