UttarakhandHighlight

उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला: अब मुफ्त होगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, ऐसे होगा चयन

राज्य सरकार मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के माध्यम से युवा सपनों को पंख लगाने जा रही है। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत इस योजना के तहत प्रत्येक वर्ष 11 हजार छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जायेगी।

11 हजार छात्रों को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग

बता दें इस योजना के तहत राज्य विश्वविद्यालयों, शासकीय एवं अनुदानित महाविद्यालयों में पढ़ने वाले 11 हजार छात्रों को हर साल विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी को निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जायेगी। इसके लिये छात्रों का वर्गवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें सिविल सर्विसेज के लिए 2000 छात्र, एसएससी, रेलवे सर्विसेज और समकक्ष परीक्षाओं के लिये 5000 छात्र, बैंकिंग सर्विसेज के लिये 2000 और कैट, मैट, गेट, नेट, सीएसआईआर जैसी योग्यता परीक्षाओं और प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण की प्रवेश परीक्षाओं के लिये 2000 छात्रों को शामिल गया है। इन छात्रों की ऑनलाइन कोचिंग पर हर साल वर्ष लगभग 11 करोड़ का व्यय किया जायेगा।

कैसा होगा चयन?

छात्रों का चयन जनपदवार खुली स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से पारदर्शी तरीके से किया जायेगा। योजना का लाभ विभिन्न पाठ्यक्रमों में अंतिम वर्ष में अध्ययनरत छात्रों के साथ-साथ उन अभ्यर्थियों को भी मिलेगा, जिन्होंने एक साल पहले पूर्व स्नातक या स्नातकोत्तर उत्तीर्ण किया है।

चयनित अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। इसके लिए हर छात्र को यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा। कोचिंग प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, वीडियो लेक्चर, प्रैक्टिस सेट तथा साप्ताहिक मॉक टेस्ट की व्यवस्था की गई है। साथ ही, कमजोर छात्रों के लिए विशेष सुधारात्मक कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जिससे उनकी तैयारी को और मजबूत किया जा सके।

चार सदस्यीय कार्यकारिणी समिति का किया गठन

योजना के प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए सचिव, उच्च शिक्षा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया है। इसके अलावा मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय राज्य स्तरीय स्टेयरिंग समिति भी गठित की गई है, जो प्रतिवर्ष योजना की समीक्षा और मूल्यांकन करेगी।

प्रदेश के युवा बनेंगे आत्मनिर्भर: मंत्री

उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा कि किसी भी प्रतिभाशाली युवा की प्रगति में आर्थिक या संसाधनों की कमी बाधा न बने। इसी सोच के साथ राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत हर साल 11 हजार युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की ठानी है। यह योजना न केवल युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता दिलाने में सहायक होगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें