आगरा: अपने पति के साथ हनीमून मनाने इटली गई महिला वहां से लौटी। इस दौरान वो और उसका पति कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए। दोनों को बंगलुरू में भर्ती कराया गया था, लेकिन ये महिला आइसोलेशन वार्ड से भागकर आगरा पहुंच गई। महिला का पति बंगलूरू में कोरोना संक्रमित पाया गया था। इसका पता चलने पर वो बंगलूरू से आगरा आ गई।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की लैब में भेजे गए महिला के सैंपल की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दूसरा सैंपल लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) को भेजा गया है। अगर केजीएमयू की जांच में उसका सैंपल कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है, तब ही महिला को कोरोना संक्रमित घोषित किया जाएगा। आज महिला को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा।
आगरा कैंट क्षेत्र में रहने वाले एक रेलवे कर्मचारी की बेटी का विवाह एक माह पहले कर्नाटक में नौकरी करने वाले युवक के साथ हुआ था। शादी के बाद दोनों हनीमून के लिए इटली गए थे। इटली से लौटने के बाद पति में कोरोना वायरस पाया गया था। महिला को भी आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था, लेकिन सुरक्षा को खतरे में डालकर महिला बंगलूरू से अपने परिवार के पास आगरा आ गई। इसकी जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की रेपिड रिस्पॉन्स टीम ने पहले उसे रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से उसे जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड भेजा गया।