रुड़की में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से जो चीज बरामद की उसे देखकर एक बार तो पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने इन दोनों के पास से दो मुंहा सांप बरामद किया है। इस सांप की कीमत तकरीबन पांच लाख रुपए बताई जा रही है।
कलियर पुलिस को मुखबिर के जरिए दो मुंहा सांप ले जाए जाने की खबर मिली थी। नाकाबंदी कर पुलिस ने वाहनों की जांच शुरु की तो दो शख्स एक मोटरसाइकिल पर संदिग्ध हालात में मिले। पुलिस ने रोकना चाहा तो दोनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर जब पकड़ा तो उनके पास दो मुंहा सांप बरामद हुआ। पुलिस इसे देख हैरान रह गई। लगभग पौने दो फीट लंबा काले रंग का ये सांप लेकर ये दोनों शख्स उसे बेचने जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक इस सांप का प्रयोग तंत्र विद्या में होता है।
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये दोनों इस सांप को नेपाल बार्डर से डेढ़ लाख रुपए में खरीद कर लाए थे। फिलहाल पुलिस ने इन दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।