HighlightDehradun News

210 KM का दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू, पीएम मोदी बोले- ये हैं भारत की भाग्य रेखाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड, गढ़ी कैंट में आयोजित समारोह में 210 किमी लंबे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का रिमोट बटन दबाकर लोकार्पण किया। इससे पहले प्रधानमंत्री ने डाटकाली मंदिर में दर्शन करने के कर मां का आशीर्वाद लिया था।

PM ने किया Delhi-dehradun expressway का उद्घाटन

पीएम मोदी ने समारोह में अपने संबोधन की शुरुआत देशवासियों को बैसाखी और बिहू पर्व की शुभकामनाएं देते हुए की। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में उत्तराखंड में स्थित पवित्र चारधाम की यात्रा भी शुरु होने वाली है, जिसका देश भर के आस्थावान लोग प्रतीक्षा करते हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे बनने से चारधाम के यात्रियों को भी सुविधा होगी।

राज्य की प्रगति में शामिल हुआ दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे

PM ने कहा कि उत्तराखंड राज्य अपने स्थापना के 26वें साल में प्रवेश कर चुका है, अब राज्य की प्रगति में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे भी शामिल हो गया है। पीएम ने कहा कि कुछ साल पहले उन्होंने बाबा केदार की धरती पर अनायास ही कहा था कि इस शताब्दी का तीसरा दशक उत्तराखंड के नाम होगा और आज उन्हें यह देखकर बेहद खुशी हो रही है कि डबल इंजन वाली सरकार की नीतियों और उत्तराखंड के लोगों के परिश्रम से प्रदेश तेजी से इस राह पर बढ़ रहा है।

डॉ बी.आर आंबेडकर को दी श्रद्धांजलि

पीएम ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ बी.आर आंबेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि बीते एक दशक से उनकी सरकार ने जो भी निर्णय लिए, वे देश के संविधान की गरिमा को बढ़ाने वाले साबित हुए हैं। कश्मीर में धारा 370 की समाप्ति और देश से माओवाद खत्म होने के बाद आज पूरे देश में भारत का संविधान लागू हो गया है।

राष्ट्र की भाग्य रेखाएं बनती जा रही हैं सड़कें: PM

PM ने देश के विकास में सड़क, रेलवे, रोपवे और वाटरवे की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ लोग भविष्य जानने के लिए हाथ की रेखाओं को दिखाने के लिए ज्योतिष शास्त्र की शरण में जाते हैं। आज इसी तरह सड़कें, राष्ट्र की भाग्य रेखाएं बनती जा रही हैं। बीते एक दशक से सरकार विकसित भारत के लिए ऐसी ही भाग्यरेखाओं के निर्माण में जुटी हुई है। ये भाग्य रेखाएं, सिर्फ आर्थिकी का आधार नहीं बनेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ी की समृद्धि की गारंटी भी बनेगी और यही मोदी की गारंटी भी है।

उत्तराखंड में चल रहा सवा दो लाख करोड़ के इंफ्रा प्रोजेक्ट पर काम

पीएम ने कहा कि बीते एक दशक में सरकार ने इन विकास रेखाओं के निर्माण में अभूतपूर्व निवेश किया है। 2014 तक पूरे देश के इंफ्रा प्रोजेक्ट पर 2 लाख करोड़ भी खर्च नहीं हो पाते थे, जबकि आज यह राशि छह गुना अधिक बढ़कर 12 लाख करोड़ के पार पहुंच चुकी है। इस दौरान अकेले उत्तराखंड में ही, सवा दो लाख करोड़ रुपए के इंफ्रा प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।

ये भी पढ़ें: ब्रह्मकमल टोपी में PM Modi: ‘भुला-भुली’ से शुरू किया भाषण, गढ़वाली-कुमाऊंनी अंदाज में ऐसा जीता दिल

फिर जीवंत हो रहे हैं वीरान गांव: PM

प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी उत्तराखंड के गांवों में सड़कों के इंतजार में पीढ़ियां बूढ़ी हो जाती थी, आज डबल इंजन की सरकार के कारण गांव-गांव सड़क पहुंच रही है। इससे वीरान गांव फिर जीवंत हो रहे हैं। चारधाम महामार्ग परियोजना, रेल परियोजना, केदारनाथ, हेमकुंड रोपवे जैसे परियोजनाएं उत्तराखंड की भाग्य रेखाएं बन रही हैं।

पीएम ने गिनाए दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के फायदे

पीएम ने दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे से जहां लोगों का आने जाने में समय बचेगा, वहीं ईंधन की खपत कम होने से किराया और माल भाड़ा भी बचेगा। साथ ही किसानों को अपने उत्पाद, तेजी से बड़ी मंडियों तक पहुंचाने की सुविधा मिलेगी। इस शानदार एक्सप्रेस वे का सर्वाधिक लाभ उत्तराखंड के पर्यटन को मिलेगा।

PM ने की पर्यटकों से देवभूमि को साफ़-सुथरा रखने की अपील

पीएम ने उत्तराखंड के लोगों के साथ ही यहां आने वाले पयर्टकों से अपील करते हुए कहा कि देवभूमि की धरोहर बहुत पवित्र है, ऐसे स्थानों को साफ सुथरा रखना हम सबका कर्तव्य है। यहां जगह -जगह कूड़ा डालने, प्लास्टिक की बोतलें फेंकने से देवभूमि की पवित्रता को ठेस पहुंचती है, इसलिए देवभूमि के तीर्थ स्थलों को स्वच्छ और सुंदर रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।

PM ने किया नंदा देवी राजजात का जिक्र

पीएम ने कहा कि अगले साल हरिद्वार में दिव्य, भव्य और स्वच्छ कुंभ मेले का आयोजन होगा, इसी के साथ उत्तराखंड में जल्द ही नंदा देवी राजजात भी आयोजित होने वाली है। यह यात्रा उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक चेतना का भी उदाहरण है, जिसमें मां नंदा को बेटी मानकर सम्मान के साथ विदा किया जाता है। उन्होंने मां नंदा को प्रणाम करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में माताओं और बहनों की बड़ी भूमिका है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें