देहरादून – भाजपा ने पूर्वोत्तर में इस बार के विधानसभा चुनाव में न केवल मजबूती से दस्तक दी है बल्कि त्रिपुरा जैसे साम्यवादी लाल किले में भगवा झंडे को लहरा दिया है। वहीं नागालैंड में भी गठबंधन की सरकार में शामिल होकर और मेघालय में दो सीटों पर मिली जीत ने भाजपा को गदगद कर दिया है।
ऐसे में उत्तराखंड़ के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने होली के बाद मिली इस जीत पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि,त्रिपुरा में दो तिहाई बहुमत से मिली विजय ने हमारे लिये होली के पावन उत्सव को और भी महत्वपूर्ण बना दिया है।यह हमारी विचारधारा की जीत है। त्रिपुरा की जनता ने साम्यवाद की विचारधारा को हटाया है। वहां की जनता ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को मौका दिया है। हम विचारधारा पर काम करने वाले लोग हैं।
ये बात मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने देहरादून के एक वेडिंग प्वाइंट में भाजपा महानगर के आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में बतौर मुख्य मेहमान कही। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डाॅ.धन सिंह रावत, विधायक हरबंश कपूर, विनोद चमोली, खजान दास, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल, भाजपा प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, भाजपा प्रदेश सचिव सुनील उनियाल, उमेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।