पौड़ी: पिंक सिटी जयपुर का नाम तो आपने सुना ही होगा। ऐसी कई दूसरे शहर भी हैं, जो किसी रंग की वजह से अपनी पहचान रखते हैं। पिंक सिटी जयपुर भी कुछ इसी तरह का शहर है, जो पूरी तरह पिंक कलर से रंगा हुआ है। उसी तर्ज पर पौड़ी को विकसित करने भी योजना पर काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से पौड़ी को कलर कल्चर देने का प्रयास किया जा रहा है। पिंक सिटी जयपुर की भांति ही कोशिश की जाएगी कि पौड़ी में सभी इमारतें एक ही रंग में हों। इससे पौड़ी को एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए लोगों को पहले जागरूक किया जाएगा और फिर प्रोत्साहन भी दिया जाएगा।
इतना ही नहीं पौड़ी में भविष्य में बनने वाले मकानों में पर्वतीय भवन निर्माण की पर्वतीय स्थापत्य कला को प्रोत्साहन दिया जाएगा। सरकार की मानें तो इसके लिए जल्द आवास नीति में प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है, तो लोग हमारी स्थापत्य कला से भी परिचित होंगे और इससे पौड़ी की अलग पहचान बनेगी। धीरे-धीरे प्रदेश के दूसरे शहरों में भी इस पर काम किया जाएगा।