चंपावत में बड़ा हादसा: उफनती नदी में फंसे 50 से ज्यादा श्रद्धालु

चंपावत के ऐतिहासिक श्री रीठा साहिब गुरुद्वारा में आयोजित प्रसिद्ध जोड़ मेले के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक बढ़े नदी के जलस्तर के बीच फंसे 50 से अधिक श्रद्धालु फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
उफनती नदी में फंसे 50 से ज्यादा श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक जोड़ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी। 31 मई को लदिया और रतिया नदियों के संगम क्षेत्र स्थित कुंड में बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान कर गुरुद्वारा साहिब के दर्शन के लिए आ-जा रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में हुई बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। देखते ही देखते करीब 50 से 60 श्रद्धालु नदी के बीच फंस गए।
जोड़ मेले में तैनात SDRF ने किया रेस्क्यू
बढ़ते पानी के कारण कई वाहन भी नदी क्षेत्र में फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जोड़ मेले में तैनात एसडीआरएफ टीम उप निरीक्षक दीपक सामंत के नेतृत्व में तुरंत मौके पर पहुंची। तेज बहाव और लगातार बढ़ते जलस्तर के बावजूद टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित नदी पार कराया।
दोनों ओर बैरियर लगाकर लोगों की आवाजाही नियंत्रित
रेस्क्यू टीम ने नदी क्षेत्र में फंसे वाहनों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में मदद की। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस भी सक्रिय हो गई। दोनों ओर बैरियर लगाकर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की गई और अन्य श्रद्धालुओं को नदी क्षेत्र की ओर जाने से रोका गया।