देहरादून: विवादित भाजपा के खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को भाजपा ने अनिश्चितकाल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि पार्टी की तरफ से उन्हें नोटिस जारी कर पूछा गया है कि क्यों न उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाए। उनसे 10 दिन में जवाब देने को कहा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाएगा। उनको भाजपा के किसी भी कार्यक्रम में शामिल होने से भी मना कर दिया गया है।
विवादित बयानबाजी के चलते ही कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन पहले से ही पार्टी से तीन माह के लिए निलंबित चल रहे हैं। हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में वो हथियारों के साथ डांस करते और उत्तराखंड के बारे में अपशब्द कहते दिख रहे हैं। जिसके बाद भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश नेतृत्व ने उनपर ये कार्यवाही की है। देखना यह होगा कि सरकार के उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी करती है या नहीं।