नई दिल्ली: चुनावी चंदे में भाजपा ने कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों को कहीं पीछे छोड़ दिया है। चंदे के मामले में भारतीय जनता पार्टी को वित्तीय वर्ष 2018-19 में दान में 743 करोड़ रुपये मिले, जो कांग्रेस समेत 6 राष्ट्रीय दलों को मिले चंदे से तीन गुना ज्यादा है।
एचटी की रिपोर्ट के अनुसार, 31 अक्तूबर को चुनाव आयोग के सामने दायर हलफनामे में भाजपा ने इस बात का खुलासा किया था। इस जानकारी को सोमवार को सार्वजनिक किया गया। भाजपा को प्राप्त 743 करोड़ रुपये की राशि कांग्रेस सहित अन्य सभी छह राष्ट्रीय दलों को इस तरह के मिले दान में प्राप्त संयुक्त राशि से तीन गुना अधिक है।
कांग्रेस को चुनावी दान में 147 करोड़ रुपये मिले हैं। यह राशि भाजपा को मिले चंदे का सिर्फ पांचवा हिस्सा ही है। भाजपा को साल 2018-19 में सबसे ज्यादा दान प्रोग्रेसिव इलेक्ट्रोरल ट्रस्ट द्वारा दिया गया। इसने भाजपा को 357 करोड़ की राशि चंदे में दी।