देहरादून- उत्तराखंड के सभी जिलों में त्याग और समर्पण का पर्व ईद-उल-अजहा उत्साह के साथ मनाया गया। ईदगाह के साथ ही मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ी गई। मुल्क की शांति के कामना के साथ ही केरल के बाढ़ पीड़ितों की मदद की अपील भी नमाजियों से की गई।
सुबह से ही देहरादून की सड़कों पर ईदगाह जाने के लिए नमाजियों की भीड़ उमड़ने लगी। नमाजियों में भी खासा उत्साह देखा गया। हालांकि हर स्थान पर अलग-अलग समय पर नमाज अदा की गई। देहरादून के चकराता रोड स्थित ईदगाह में सुबह नौ बजे शहर काजी मोहम्मद अहमद कासमी ने नमाज अदा कराई। इससे पहले तकरीर हुई।
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए चन्दा इकट्ठा किया गया
वहीं, शहर और देहात क्षेत्र में अलग-अलग मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज अदा की गई। साथ ही एक दूसरे को गले मिलकर बधाई दीं। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अमन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। नमाजियों ने केरल आपदा पीड़ितों के लिए भी दुआ मांगी। मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज के बाद लोगों से कुर्बानी के साथ-साथ केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की अपील भी की गई। जिसके बाद बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए चन्दा इकट्ठा किया गया। जमीयत उलेमा ए हिन्द की मार्फत यह रकम केरल बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाई जाएगी।