इटली के मिलान में 11 दिसंबर को विराट कोहली से शादी करने के बाद अनुष्का शर्मा ने जब अपनी हनीमून की तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की तब से लोग इस बारे में कयास लगा रहे थे कि दोनों आखिर कहां घूमने गए हैं। तो आपको बता दें विरुष्का कहीं और नहीं बल्कि फिनलैंड में हनीमून मना रहे है. इस बात की पुष्टि फिनलैंड मीडिया ने कर दी है कि वे दोनों फिनलैंड की बर्फीली वादियों में हनीमून मना रहे हैं।
फिनलैंड में ये नव विवादित जोड़ा सांता क्लॉज के गांव रोवानीमी में ठहरे हैं जो अपनी खूबसूरती और उत्तरी आसमानी रौशनी के लिए प्रसिद्ध है। उनका हनीमून प्राइवेट व लक्जरी टूर कंपनी लक्जरी एक्शन ने प्लान किया है।
जन्नत में विराट-अनुष्का
अनुष्का शर्मा ने हनीमून की तस्वीर पर कैप्शन लिखा था, हम सचमुच स्वर्ग में हैं। इस तस्वीर में दिख रही जगह फिनलैंड में है। आर्कटिक घेरे में स्थित यह देश वाकई जन्नत से कम नहीं है। दोनों यहां के लैपलैंड प्रांत में हैं। वे यहां ग्लास इग्लू, स्लेज राइड और बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठा रहे हैं।
तीन सौ रातों को आसमान में रंगबिरंगी रौशनी का नजारा
लैपलैंड की राजधानी रोवानीमी में सांता क्लॉज का गांव है। यह गांव (ऑरोरा बोरियालिस) उत्तरी रौशनी के लिए जाना जाता है। यहां साल में तकरीबन तीन सौ रातों को आसमान में रंगबिरंगी रौशनी का नजारा दिखाई देता है। सांता का गांव होने के चलते यहां पूरे दिसंबर जश्न मनाया जाता है। ऐसे में विराट और अनुष्का के लिए यहां आने का यह सबसे अच्छा समय है।
गैसों के तत्वों के टकराने से रौशनी का रंग बदलता
यह रौशनी पृथ्वी के वातावरण में मौजूद गैस के तत्वों और सूर्य से निकलने वाले आवेशित तत्वों के टकराने से पैदा होती है। अलग अलग गैसों के तत्वों के टकराने से रौशनी का रंग बदलता रहता है। यह रौशनी उत्तरी व दक्षिणी ध्रुवों पर नजर आती है। उत्तरी ध्रुव पर इसे ऑरोरा बोरियालिस और दक्षिणी ध्रुव पर इसे ऑरोरा ऑस्ट्रालिस कहते हैं।
आपको बता दें कि जल्द ही ये दोनों भारत लौटने वाले हैं। 21 दिसंबर को दिल्ली के होटल ताज में ग्रेंड रिसेप्शन की तैयारियां जोरों पर हैं। यहां विराट और अनुष्का के रिश्तेदार और दोस्त शामिल होंगे।