Big NewsUttarakhand Chamoli News

कर्णप्रयाग मारपीट विवाद में गिरफ्तार निहंग सिखों को मिली जमानत

कर्णप्रयाग में स्थानीय व्यापारियों से मारपीट के आरोप में गिरफ्तार चार निहंग सिखों को स्थानीय अदालत से जमानत मिल गई है। वहीं इस मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।

चारों निहंग सिखों को मिली जमानत

कर्णप्रयाग में स्थानीय व्यापारियों और अन्य लोगों से मारपीट के आरोपी निहंग सिखों को कोर्ट से जमानत मिल गई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश गोपेश्वर, चमोली में विंध्याचल सिंह की अदालत ने शनिवार को मामले की सुनवाई के बाद चारों निहंग सिख श्रद्धालुओं की जमानत याचिका स्वीकार कर ली। जानकारी के अनुसार, इस प्रकरण में तीन आरोपी पुरसाड़ी जेल में निरुद्ध थे,जबकि एक आरोपी एम्स ऋषिकेश में उपचाराधीन होने के साथ न्यायिक अभिरक्षा में था।

अदालत ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सतविन्द्र सिंह, अजय सिंह, जसनप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह चारों आरोपियों को जमानत दी है। इन्हे पचास – पचास हजार के दो जमानती पेश करने पर जेल से रिहा किया जाएगा। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता मोहन पंत ने पैरवी करते हुए अदालत के समक्ष जमानत का पक्ष रखा।

चलता रहेगा मुकदमा

हालांकि इस सुनवाई के दौरान कोर्ट ने साफ कर दिया है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत ये मुकदमा चलता रहेगा। आपको बता दें कि 16 जून को कर्णप्रयाग में स्थानीय लोगों और निहंग सिखों के बीच विवाद हो गया था जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान निहंग सिखों पर तलवार से स्थानीय लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा। मुकदमा दर्ज हुआ और चार निहंग गिरफ्तार कर लिए गए।

प्रशासन पर बना था दबाव

इस मामले में प्रशासन पर खासा दबाव था। निहंग सिखों ने पांवटा साहिब गुरुद्वारे में डेरा डाल रखा है। निहंग सिखों ने सरकार को दो दिनों का अल्टीमेटम भी दिया था। इसके बाद से ही सरकार पर दबाव बना हुआ था। सरकार भी किसी विवाद से बचने की भरसक कोशिश कर रही थी। माना जा रहा है कि गिरफ्तार चारों निहंग सिखों को जमानत मिलने के बाद ये विवाद काफी हद तक खत्म हो जाएगा।

Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें