रांची की एक महिला ने तीन साल पहले पीएम मोदी की हत्या की साजिश रचे जाने संबंधी एक पत्र एनआईए को भेज कर सनसनी फैला दी। पत्र मिलने के बाद पिछले हफ्ते एनआईए और आईबी समेत कई केंद्रीय जांच एजेंसियों की टीम रांची आई थी। हालांकि एजेंसियों की शुरुआती जांच में ऐसे कोई सबूत नहीं मिले। फिर भी केंद्रीय एजेंसियों ने संदिग्धों की पूरी जानकारी राज्य पुलिस की विशेष शाखा को दे दी है। विशेष शाखा संदिग्धों की गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रही है।
ये है मामला
रांची के नयासराय में एक महिला ने करीब एक हफ्ते पहले एनआईए रायपुर के ईमेल पर एक पत्र भेजा था। पत्र में लिखा गया था कि उसके ससुराल के लोगों ने तीन साल पहले पीएम की हत्या की साजिश रची थी। महिला की शिकायत थी कि उसके ससुराल के कुछ सदस्य सऊदी में काम करते हैं, वहां से भी इसके लिए फंडिंग हुई थी। पत्र मिलने के बाद एनआईए रायपुर ने पूरे मामले की जानकारी एनआईए मुख्यालय को दी। इसके बाद एनआईए व आईबी की टीम रांची पहुंची थी।
क्या निकला मामला
मामले की जांच में यह भी सामने आया कि महिला ने ससुराल के लोगों पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करा रखा है। महिला ने देवर को ही हत्या की साजिशकर्ता बताते हुए पत्र भेजा था। राज्य पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक, हालांकि महिला के दिए तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। हालांकि अबतक कोई सुराग हासिल नहीं हुआ है।
रांची के युवक कर चुके हैं मोदी की सभा में धमाका
अक्तूबर 2013 में नरेंद्र मोदी की पटना स्थित सभा में रांची के युवकों ने धमाका किया था। रांची के सीठियो मॉडयूल के इंडियन मुजाहिदीन के सदस्य इम्तियाज अंसारी समेत पांच युवक इस मामले में मौका ए वारदात से पकड़े गए थे। विस्फोट से जख्मी हुए एक युवक की मौत भी तब हो गई थी। रांची के ही हैदर उर्फ ब्लैक ब्यूटी, मुजीबुल्लाह समेत कई संदिग्धों को बाद में गिरफ्तार किया गया था।