देहरादून : उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में निधन हो गया। तिवारी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वह लंबे समय से अस्पताल में भर्ती थे और उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। वह 93 साल के थे। महज संयोग है कि आज (18 अक्टूबर) ही उनका जन्मदिन भी है।
नारायण दत्त तिवारी के निधन से उत्तराखंड सहित पूरे देश में गम का माहौल है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री मोदी सहित राजनीतिक दुनिया के बड़े नेताओं ने शोक जताया है। देश की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले एनडी तिवारी के पार्थिव शरीर को बृहस्पतिवार देर रात दिल्ली के तिलक लेन आवास ले जाया गया, जहां शुक्रवार शाम तक लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर लखनऊ और फिर रविवार सुबह काठगोदाम ले जाया जाएगा। यहीं उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।