मसूरी : विंटर लाइन कार्निवाल 2019 का परेड के साथ आज रंगारंग आगाज हो गया। परेड के दौरान सांस्कृतिक दलों द्वारा पेश की गई झांकियों में लघु भारत की छटा बिखेरी गई। इस दौरान कलाकारों के साथ पर्यटक भी जमकर थिरके। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कार्निवाल का उद्घाटन ध्वजारोहण कर किया। साथ ही कार्निवाल परेड को सर्वे मैदान से पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता, जिलाधिकारी सी रविशंकर, एडीएम प्रशासन रामजी शरण शर्मा और मसूरी महोत्सव समिति सचिव एसडीएम वरुण चौधरी ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
सांस्कृतिक परेड लंढौर बाजार, घंटाघर, अपर मालरोड, पिक्चर पैलेस, कुलड़ी बाजार और शहीद स्थल होते हुए गांधी चैक पहुंची। नगर के विभिन्न संगठनों ने सांस्कृतिक झांकियों में देश की विभिन्न संस्कृतियों के दर्शन किए। साथ ही राज्य के ग्रामीण परिवेश को भी प्रस्तुत किया गया। झांकियों का आकर्षण देखते ही बन रहा था।