Udham Singh Nagar NewsBig News

BJP पार्षद धामी की हत्या का खुलासा: इस वजह से उतारा था मौत के घाट, आरोपी पंडित गिरफ्तार

उत्तराखण्ड STF ने भाजपा पार्षद प्रकाश धामी की हत्या के आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। बता दें बदमाशों ने पार्षद के घर के बाहर ही दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर फरार हो गए थे।

12 अक्टूबर 2020 को घर के बाहर उतारा था मौत के घाट

12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर क्षेत्र के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। सुबह लगभग 9 बजे एक आई 10 कार में सवार बदमाश भदईपुरा पहुंचे। एक युवक ने पार्षद धामी को घर से बाहर बुलाया और बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान कार में सवार अन्य बदमाश मौके पर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे आरोपी

हमलावरों की गोलियां धामी के सिर, गले और सीने में लगीं। गंभीर रूप से घायल पार्षद ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा कर उनकी हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश एवं क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी।

पार्षद की हत्या के लिए दी थी 4 लाख की सुपारी

हत्या को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को लगभग 4 लाख की सुपारी दी गई थी। इस प्रकरण में पुलिस द्वारा 7 आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस अब तक 7 में से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि रिंकू शर्मा उर्फ पंडित घटना के बाद से ही फरार था।

गिरफ़्तारी से बचने के लिए पंडित बार-बार बदल रहा था लोकेशन

एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड उत्तराखंड के चर्चित जघन्य अपराधों में से एक था, जिसमें शामिल आरोपी पिछले लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।

एसएसपी ने बताया कि इस फरार इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ द्वारा विशेष रणनीति बनाकर तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं तथा भौतिक साक्ष्यों का लगातार विश्लेषण किया जा रहा था। पिछले लगभग एक माह से एसटीएफ की टीम इस आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए हुए थी।

रुद्रपुर से ही गिरफ्तार हुआ आरोपी

एसएसपी ने बताया कि आज सुबह तड़के विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि इनामी शूटर रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद है, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसटीएफ टीम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सघन घेराबंदी और चेकिंग अभियान चलाया गया।टीम ने इनामी आरोपी रिंकू शर्मा उर्फ पंडित (32) निवासी मध्य प्रदेश को रुद्रपुर से ही गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में दर्ज थे मुकदमे

एसएसपी ने बताया कि 2020 में हुए पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में यह आरोपी एक पेशेवर शूटर के रूप में शामिल था, जिसे साजिश के तहत सुपारी देकर हत्या में शामिल किया गया था। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी-वसूली और गैंगस्टर के करीब 1 दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें