OBC वर्ग के लिए बड़ी पहल: दोनों मंडलों में बनेंगे बहुउद्देशीय भवन, CM ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के दोनों मंडलों में उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण बहुउद्देशीय भवन/सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाए। इन भवनों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।
OBC वर्ग के लिए दोनों मंडलों में बनेंगे बहुउद्देशीय भवन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रस्तावित भवनों में बैंक्वट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण कक्ष, बैठक कक्ष एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को बहुउद्देशीय भवन की डीपीआर शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
OBC बाहुल्य क्षेत्रों में किया जाए योजनाओं का प्रचार-प्रसार
सीएम ने कहा कि OBC बाहुल्य क्षेत्रों में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए अभियान चलाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि OBC बाहुल्य क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाए और नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति की निगरानी की जाए।
समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है सरकार: CM
सीएम धामी कहा कि लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योजनाओं में आवश्यक सुधार किए जाएं, जिससे योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ओबीसी वर्ग के उत्थान के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।