BJP मंदिर प्रकोष्ठ के 100 से ज्यादा मेंबर ‘आप’ में शामिल, केजरीवाल ने खुद को बताया भाग्यशाली, दिलाई सदस्यता

BJP मंदिर प्रकोष्ठ के 100 से ज्यादा मेंबर आप पार्टी में शामिल हो गए हैं। दिल्ली में आप नेता अरविंद केजरीवाल ने इन्हें सदस्यता दिलाई है। विजय शर्मा, जितेंद्र शर्मा, ब्रजेश शर्मा, दुष्यंत शर्मा और उदयकांत झा आप में शामिल हो गए हैं। इस दौरान केजरीवाल ने सनातन सेवा समिति के मंच से कार्यक्रम को संबोधित भी किया।
आज मैं अपने आप को भाग्यशाली समझता हूं
अरविंद केजरीवाल ने कहा, आज मैं अपने आप को भाग्यशाली समझता हूं कि मंच में इतने बड़े-बड़े साधु महात्मा बैठे हैं। जो कुछ भी करता है, ऊपर वाला करता है। हम तो निमित्त मात्र हैं। दिल्ली में शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य की क्रांति की। सब ऊपर वाले की कृपा थी। सनातन के लिए जो पुजारी 24 घंटे काम करते हैं, उनकी सेवा करने का मुझे मौका मिला। इसके लिए मैं भगवान को धन्यवाद देता हूं। जो हम कहते हैं, वो जरूर करते हैं। रघुकुल रीत सदा चली आए, प्राण जाय पर वचन ना जाए।
5 फरवरी को डाले जाएंगे वोट
बता दें कि दिल्ली में चुनावों की तारीखों का ऐलान हो गया है। दिल्ली में 70 सीटों पर विधानसभा चुनावों के लिए 5 फरवरी को वोटिंग होगी और 8 फरवरी को इसके नतीजे आएंगे। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। दिल्ली में मुख्य मुकाबला आप पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस के बीच है।