मानसून जल्द ही देश में दस्तक देने वाला है। 22 मई को ये अंडमान निकोबार द्वीप पर पहुंच सकता है। भारत में आधिकारिक रूप से मानसून 04 जून को दस्तक देगा। मौसम के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने वाली निजी संस्था स्काईमेट ने ये अनुमान जारी किए हैं।
इसके मुताबिक इस बार भारत में मॉनसून सामान्य से कम रहेगा। स्काईमेट के सीईओ जतिन सिंह ने कहा, ‘इस सीजन देश के सभी चार क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा होगी। पूर्व, पूर्वोत्तर और मध्य भारत में उत्तर पश्चिमी भारत और दक्षिण प्रायद्वीप के मुकाबले कम वर्षा होगी।’ एजेंसी के मुताबिक, मॉनसून 22 मई को अंडमान निकोबार द्वीप पहुंच सकता है। पिछले महीने भी स्काईमेट ने सीजन में सामान्य से कम वर्षा की बात कही थी।