उधम सिंह नगर पुलिस ने 15 साल से फरार हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 15 सालों से पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। आरोपी पर 50 हजार का इनाम भी था।
आटा चक्की मालिक राजवीर की हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार
उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में 15 साल पहले गांव वीरपुरी थापकनगला में हुई आटा चक्की मालिक राजवीर की हत्या का खुलासा कर दिया है। इस मामले में आरोपी नौकर राजू को बादपुर पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस को नाम बदलकर 15 सालों तक गुमराह कर रहा था।
तीन नाम बदलकर पुलिस को 15 साल तक किया गुमराह
पुलिस के मुताबिक आरोपी के असली नाम जहीरूद्दीन है। बाजपुर में उसने अपना नाम बदलकर राजू रख लिया। जो कि आटा चक्की के मालिक के यहां नौकर का काम करता था। तीन दिसंबर 2008 को राजू ने अपने मालिक राजवीर को चारपाई से बांधकर पेचकश से उसकी हत्या कर दी थी। जिसके बाद से वो फरार था।
उत्तराखंड से भागकर वो केरल चला गया। जहां उसने अपना नाम सोलेमन रख दिया और वहीं रहकर मजदूरी करने लगा। दस साल तक उसने बिल्डिंग निर्माण में मजदूरी का कार्य किया। जिसके बाद वो फिर से भागकर पं. बंगाल चले गया।
आरोपी पर था 50 हजार का इनाम
राजवीर सिंह की हत्या के बाद उनके चाचा की तहरीर पर धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया। लेकिन आरोपी फरार हो गया था। जिसक कारण इस पर 10 हजार का इनाम भी रखा गया। लेकिन साल 2022 तक भी आरोपी की गिरफ्तारी ना होने पर डीआईजी की ओर से हत्यारोपी राजू पर पचास हजार का इनाम घोषित किया गया था।
इस साल 21 जनवरी को पुलिस केरल पहुंची तो आरोपी वहां से भी फरार हो गया और वहां से पं. बंगाल पहुंच गया। पुलिस ने मोबाइल को ट्रेस करते हुए आरोपी को 15 अक्तूबर को पचिश्म बंगाल से गिरफ्तार कर लिया।