ऊधमसिंहनगर, संवाददाता। लोकतंत्र मे ंजनता जब अपने पर उतर आती है तो फिर उसके सामने मंत्री हो या संतरी किसी की नही चलती। दिग्गजों को भी नाराजगी झेलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। कुछ इसी तरह काशीपुर में भाजपा के कद्दावर केंद्रीय नेता और राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को भी जनता की नाराजगी का सामना करना पड़ा। वो तो शुक्र था कि उनके साथ मौजूदा सांसद और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी मौजूद थे। कोश्यारी वक्त की नजाकत को पहचान गए और तुरंत मामले को संभाल लिया वरना आलम क्या होता कहा नहीं जा सकता। दरअसल जसपुर में राजकीय महिला डिग्री कॉलेज का लोकार्पण करने केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी आए थे। इस मौके पर उन्हें कार्यक्रम के तहत जनता की फरियादें भी सुननी थी। लेकिन जनता को अपनी बात कहने का मौका नहीं मिला। जिससे मौजूद जनता भड़क गई और कार्यक्रम में हंगामा हो गया। मौजूद लोगों ने मंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को न तो तवज्जो दी जा रही है और न ही उन्हें अपनी बात रखने का मौका दिया जा रहा है। हालांकि भगत दा ने मामले को संभाल लिया।